सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 6 मजदूरों की मौत

जगदलपुर, 26 मई . ओड़िसा के कालाहांडी जिले में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सेप्टिक टैंक में काम करने उतरे 6 मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस भरने और ऑक्सीजन की कमी के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार सभी मजदूर निर्माण कार्य के दौरान सेंट्रिंग बनाने के लिए सेप्टिक टैंक में उतरे थे। इसी दौरान अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से मजदूर एक-एक कर बेहोश हो गए। साथियों को बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी अंदर उतरे, लेकिन वे भी हादसे का शिकार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *