जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी का 47 वां स्थापना दिवस सोमवार को समूचे जिले में भाजपा ने हर्षोल्लास से मनाया। भाजपा जिला कार्यालय में सुबह 9:30 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ध्वज फहराया और समस्त कार्यकर्ताओं को भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनायें दी। हर्ष व उल्लास के साथ भाजपा कार्यकर्ता मिठाई वितरण कर एक-दूसरे को बधाई व शुभकामनायें देते रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने लालबाग मैदान स्थित अटल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में माल्यार्पण कर नमन किया। साध ही मोतीलाल नेहरू वार्ड स्थिति विधायक कार्यशाला में भाजपा का ध्वज फहराया। स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कि मां भारती को परम वैभव पर स्थापित करने के पुनीत विचार से जन्मी भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होना गर्व की बात है।
भाजपा के लिये राष्ट्र सेवा सर्वप्रथम है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र को पहली प्राथमिकता देता है व जनसेवा को प्रभु सेवा मानकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आज विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा करने में हमारे मनीषियों एवं करोड़ों करोड़ निष्ठावान देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अमर योगदान है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने स्थापना दिवस के अवसर पर डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी,पं. दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजया राजे सिंधिया का स्मरण कर उन्हें नमन करते हुये कहा कि राष्ट्र के विकास में भाजपा के पितृ पुरूषों की सहभागिता महत्वपूर्ण रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने भी कार्यकर्ताओं को भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनायें दी।