जगदलपुर, 05 नवम्बर। युवा सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, बस्तर द्वारा शासकीय पीजी कॉलेज, जगदलपुर के सभागार में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “अपने मत को जानें” रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री महेश कश्यप उपस्थित रहे। साथ ही जगदलपुर महापौर श्री संजय पांडेय तथा शासकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान युवा आइकॉन श्री चरण कमल सोनवानी द्वारा ‘ अपने मत को जाने ’ विषय पर विशेष प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकारों एवं लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद किया तथा लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया, युवाओं की भूमिका और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने हेतु लोकतांत्रिक शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र के निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता होना आवश्यक है। ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, बस्तर द्वारा किया गया, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी, युवा स्वयंसेवक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।