जगदलपुर, 5 नवंबर । बस्तर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 476.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KL 0411 में गांजा भरकर ओडिशा से जगदलपुर की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम ने ग्राम अड़ावाल रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की।
इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल पर पिकअप वाहन की निगरानी करते हुए दो युवक पहुंचे। उनके पीछे आ रही पिकअप को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पिकअप में रखी 15 बोरियों से कुल 476.500 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22), रोहणी गल्लोरी (27) तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों के रूप में की है। सभी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के निवासी हैं। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को बंडलों में पैक कर बोरियों में रखा था।
पुलिस ने गांजे के अलावा पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान सहित बोधघाट थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।