जगदलपुर, 6 अक्टूबर . सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार 6 अक्टूबर को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज आड़ावाल में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज स्टार्टअप तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित उद्योग विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक श्री लोकेश कुमार खापर्डे ने छात्र-छात्राओं को सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने की आवश्यक शर्तें, पात्रता, नवाचार के संभावित क्षेत्रों तथा श्रेणीवार पुरस्कारों का विवरण साझा किया। प्रतिभागियों को एक प्रेरक वीडियो दिखाया गया तथा आधिकारिक वेबसाइट sevainnovationchallenge.in के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही उन्होने छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत मिलने वाली विभिन्न छूटों, रियायतों व प्रोत्साहनों को सरल भाषा में समझाते हुए युवाओं को उद्योग व स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक श्री प्रफुल्ल कुमार लाखन ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार, नवाचार एवं उद्यमिता के अवसरों सहित शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। शिविर के समापन पर सहायक प्रबंधक श्री लाखन ने सभी प्रतिभागियों से सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया।