दंतेवाड़ा में अचानक लाल हुआ आसमान, बादलों की लालिमा देख लोग रह गए हैरान

 

मौसम में बदलाव के बीच लालिमा की वजह को लेकर चर्चा

दंतेवाड़ा, 31 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल इलाके में अचानक आसमान का रंग लाल दिखाई देने लगा। आसमान में छाए बादलों पर भी गहरी लालिमा नजर आई। इस अनोखे नजारे को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते आसमान की लालिमा से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।
स्थानीय लोगों के लिए यह नजारा किसी आश्चर्य से कम नहीं था। आसमान में फैली लाल रोशनी और लाल रंग के बादलों ने पूरे इलाके का दृश्य बदल दिया। मौसम में आए बदलाव और चक्रवात अर्नब को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस घटना ने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

मौसम विज्ञान के अनुसार, सूर्योदय और सूर्यास्त के आसपास सूर्य की किरणों को वायुमंडल में लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। इस दौरान नीली रोशनी अधिक बिखर जाती है, जबकि लाल और नारंगी रंग की रोशनी बादलों तक पहुंचकर उन्हें लालिमा प्रदान कर सकती है। धूल, धुएं और वातावरण में मौजूद अन्य कण भी इस प्रभाव को बढ़ा सकते हैं। हालांकि, किरंदुल में दिखाई दिए इस विशेष नजारे के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *