एर्राबोर में ‘सुशासन तिहार’ का सफल आयोजन

जनता के द्वार पहुँचे अधिकारी, मौक़े पर ही सुलझी ग्रामीणों की समस्याएँ

 

​सुकमा/ कलेक्टर श्री अमित कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने सुशासन को धरातल पर उतारने की एक और शानदार मिसाल पेश की है। कोंटा विकासखंड के ग्राम पंचायत एर्राबोर में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ शिविर में ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना था।

​यह शिविर सिर्फ एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार और खुशियों का उत्सव बन गया। प्रशासन की संवेदनशीलता तब देखने को मिली जब एक ओर स्कूल के बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, तो वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में गर्भवती माताओं का सम्मान पूर्वक पूजन कर गोद भराई की रस्म पूरी की गई। इसके साथ ही, 6 माह के शिशुओं के लिए अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की नींव रखी गई। आयोजन में स्थानीय सरपंच श्रीमती लक्ष्मी कट्टम, पूर्व सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

​प्रशासनिक दक्षता की बात करें तो शिविर के दौरान विभिन्न विभागों को कुल 250 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पंचायत विभाग (165), कृषि विभाग (22), विद्युत विभाग (14), राजस्व और पी.एच.ई. (11-11) प्रमुख रहे। इन आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर में ही राशन कार्ड ई-केवाईसी, महतारी वंदन ई-केवाईसी, नया आधार कार्ड पंजीकरण व अपडेशन, बी-1 एवं किसान किताब वितरण और एग्री स्टेक पंजीयन जैसी अति-आवश्यक सेवाएं मौके पर ही प्रदान की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *