गरीब परिवारों को राशन के नाम पर केवल चावल और नमक,शक्कर-चना-गुड़ का वितरण नहीं- राजेश चौधरी

 

पात्र हितग्राहियों को निर्धारित खाद्य सामग्री समय पर उपलब्ध कराए सरकार,राशन वितरण में लापरवाही पर दे जवाब …

जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर गरीब परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की साय सरकार गरीबों के हितों और कल्याण की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर राशन दुकानों में पात्र हितग्राहियों को इस महीने केवल चावल और नमक ही मिल पाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। शक्कर, चना, गुड़ सहित अन्य निर्धारित खाद्य सामग्री का वितरण नहीं होने से गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश के लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से मिलने वाले राशन पर निर्भर हैं। ऐसे परिवारों के लिए राशन उनके दैनिक जीवन और परिवार के भरण-पोषण का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में निर्धारित खाद्य सामग्री समय पर नहीं मिलना उनकी मुश्किलें बढ़ा सकता है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार मिलने वाली सभी खाद्य सामग्री समय पर उपलब्ध हो।

उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की योजनाओं और दावों का उल्लेख करती है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में राशन दुकानों के माध्यम से शक्कर, चना, गुड़ जैसी सामग्री नहीं मिलने की शिकायतें गंभीर सवाल खड़े करती हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस महीने इन खाद्य सामग्रियों का वितरण क्यों नहीं हो रहा है और हितग्राहियों को उनका पूरा राशन कब तक उपलब्ध कराया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गरीब परिवारों के कल्याण की जिम्मेदारी केवल योजनाओं की घोषणा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी सरकार का दायित्व है। राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही होने पर उसकी जांच कर आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए, ताकि हितग्राहियों को अपने अधिकारों के लिए परेशान न होना पड़े।

राजेश चौधरी ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की कि राशन दुकानों में शक्कर, चना, गुड़ सहित नियमानुसार निर्धारित अन्य खाद्य सामग्री का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, इस महीने इन सामग्रियों का वितरण नहीं होने के कारणों को सार्वजनिक करते हुए हितग्राहियों को पूरा राशन उपलब्ध कराने की समय-सीमा स्पष्ट की जाए।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को उनके हक का राशन समय पर मिलना चाहिए। सरकार इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *