वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस समेत विपक्ष का जंगी प्रदर्शन, अनवर खान ने लगाए आरोप

जगदलपुर। वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों द्वारा 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। कांग्रेस ने रैली की तैयारियां प्रदेश, जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर तेज कर दी हैं। इसमें देशभर से लाखों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रशासनिक महामंत्री अनवर खान ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रही है और अब पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट हो रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) की विसंगतियों के कारण करोड़ों मतदाताओं के नाम काटे जाने और उन्हें मतदान से वंचित किए जाने की आशंका गंभीर चिंता का विषय है।

अनवर खान ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक जनजागरण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में होने वाली महारैली को असफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, दिल्ली में ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी कार्यकर्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने रेलवे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पहले स्पेशल ट्रेन के खर्च का अनुमान देकर सहमति जताई गई थी, लेकिन पार्टी द्वारा भुगतान की तैयारी के बावजूद बाद में ट्रेन उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई गई। अनवर खान ने इसे निंदनीय बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के दबाव में ऐसा किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ट्रेन की सुविधा नहीं मिलने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता अपने निजी संसाधनों से दिल्ली पहुंचेंगे और महारैली में भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचेंगे। अनवर खान ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें पद से नहीं हटाते, तब तक वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *