568 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन का मेगा निःशुल्क मेडिकल कैंप

जगदलपुर। जरूरतमंद एवं आम नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा जगदलपुर में विशाल मेगा निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर स्वास्थ्य विभाग जिला बस्तर के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
मेगा मेडिकल कैंप का शुभारंभ नगर के प्रथम नागरिक एवं मुख्य अतिथि महापौर संजय पांडे जी के करकमलों से हुआ।
कार्यक्रम में सदारत हाजी वसीम अहमद, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष बस्तर संभाग हाजी असलम मंसूरी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निर्मल पाणिग्रही , डॉ. सरिता थॉमस , अंकित गोयल (सचिव, रोटरी क्लब), जिला बस्तर स्वास्थ्य विभाग से शकील खान, आयुर्वेद विभाग से डॉ. रमेश पटेल, डॉ. इमरान खान, डॉ. शब्बीर हसन, होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. अल्पना जैन, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. बी.वी.आर. वर्मा जी एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पाराशर साहब सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
शिविर में शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच, आंख, हड्डी, नाक-कान-गला तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया गया तथा एलोपैथिक, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
कैंप में कुल 568 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 235 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया।
चश्मों के निःशुल्क वितरण में रोटरी क्लब का विशेष सहयोग रहा।विशाखापट्टनम से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित स्थानीय चिकित्सकों ने पूरे समर्पण के साथ मरीजों की जांच एवं उपचार किया।
विशेष बात यह रही कि शिविर में सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह आयोजन सामाजिक एकता और मानव सेवा का उदाहरण बना।
इस अवसर पर हाजी वसीम अहमद ने कहा कि, “स्वास्थ्य सेवा मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, जांच एवं आवश्यक दवाइयां निःशुल्क पहुंचाना है। हमारा प्रयास रहेगा कि सर्व समाज को साथ लेकर ऐसे सेवा कार्य निरंतर किए जाएं।”
कार्यक्रम के अंत में अब्दुल कय्यूम खान, जिला अध्यक्ष बस्तर, ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग जिला बस्तर, रोटरी क्लब, सहयोगियों एवं कैंप में पहुंचे सभी नागरिकों का तहेदिल से शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मेगा मेडिकल कैंप किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं था, बल्कि “सर्व समाज की सेवा और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने” की भावना से आयोजित किया गया। फाउंडेशन भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *