ईटपाल के तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

हजारों बोरी तेंदूपत्ता जलकर खाक, दमकल की टीम आग बुझाने में जुटीं

बीजापुर। जिले के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार को दोपहर 2 बजे के लगभग अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखी हजारों बोरी तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घटना में 10 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। स्थानीय लोग भी आग बुझाने के कार्य में जुटे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैली, जिसके चलते गोदाम में रखा अधिकांश तेंदूपत्ता बचाया नहीं जा सका। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *