चिकपाल में बाढ़ के पानी में फंसे 16 ग्रामीणों को निकाला गया सुरक्षित
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्य शुरू
नारायणपुर, 30 जुलाई . जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण थाना धौड़ाई क्षेत्र के ग्राम चिकपाल में जलस्तर अचानक बढ़ जाने से 16 ग्रामीण बाढ़ के पानी से घिरकर जलमग्न क्षेत्र में फंस गए। इनमें 7 बच्चे, 3 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया, जिसके चलते सभी ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस, आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी कड़ेनार तथा जिला बाढ़ बचाव टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान का संचालन अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) छोटे डोंगर मनोज मंडावी के मार्गदर्शन तथा थाना धौड़ाई प्रभारी निरीक्षक पीयूष कटियार के नेतृत्व में किया गया।
बचाव दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच जलमग्न क्षेत्र तक पहुंचकर सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय पर की गई कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस, आईटीबीपी और जिला बाढ़ बचाव टीम के जवानों ने साहस, तत्परता और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। सुरक्षित निकाले गए सभी ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्य प्रारंभ किया गया है।
जिला प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों, उफनते जलमार्गों और जलमग्न सड़कों को पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या जिला प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने और अनावश्यक जोखिम से बचने की भी अपील की है।