16 वर्ष की उम्र में हासिल की खेल जगत में पहचान

नारायणपुर, 11 नवंबर . बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के युवाओं को खेलों से जोड़ने में बस्तर ओलंपिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से अबूझमाड़ सहित जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी ग्राम बिंजली के 16 वर्षीय प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी लिलेश दुग्गा की है, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से कम उम्र में ही अपनी अलग पहचान बनाई है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिंजली में अध्ययनरत लिलेश दुग्गा को बचपन से ही फुटबॉल खेलने का विशेष शौक रहा है। खेल के प्रति उनकी रुचि समय के साथ जुनून में बदल गई। उन्होंने नियमित अभ्यास और निरंतर मेहनत से अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। पढ़ाई के साथ-साथ खेल के लिए समय निकालना और मैदान में लगातार अभ्यास करना उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया। उनकी इसी लगन और प्रतिभा के चलते उनका चयन रामकृष्ण मिशन आश्रम में फुटबॉल खिलाड़ी के रूप में भी हुआ, जहां उन्हें अपनी खेल क्षमता को आगे बढ़ाने का अवसर मिला। लिलेश दुग्गा ने पिछले तीन वर्षों में आयोजित बस्तर ओलंपिक में दो बार हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में उन्होंने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया। उनकी यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
लिलेश बताते हैं कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच हैं। पहले दूरस्थ गांवों के कई प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते थे, लेकिन अब ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है। बस्तर ओलंपिक ने उनके जैसे अनेक युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा किया है। लिलेश दुग्गा का सपना फुटबॉल के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले और क्षेत्र का नाम रोशन करना है। उनका मानना है कि मेहनत, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से अबूझमाड़ और बस्तर के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उनके अनुसार बस्तर ओलंपिक ने स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ खेल के क्षेत्र में नए सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी है।