राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर तैयारी को समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश

 

जगदलपुर, 15 अक्टूबर 2026/महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आगामी बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर प्रवास पर रहेंगी, जहां वे ऐतिहासिक ‘मुरिया दरबार’ में शिरकत करेंगी और लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।

महामहिम राष्ट्रपति के प्रवास कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा ने कलेक्टोरेट स्थित ‘प्रेरणा कक्ष’ में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयपूर्व सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के पश्चात कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सीधे लालबाग मैदान जाकर चल रही जमीनी तैयारियों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी व आम जनता के प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तथा पार्किंग प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर सभी नागरिक सुविधाएं चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *