जगदलपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग में इंद्रावती से गोरिया बहार तक खिलेगी हरियाली, ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान में होगा वृहद पौधरोपण

2700 से अधिक पौधों के रोपण की तैयारी पूरी,महापौर संजय पांडे ने किया स्थल निरीक्षण

“10 सितंबर को जनजातीय गौरव वाटिका के सामने हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम ,महापौर संजय पाण्डेय ने शहरवासियों से सहभागिता की अपील

जगदलपुर। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा “एक पेड़ मां के नाम 3.0” अभियान के तहत हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 10 सितंबर 2026, गुरुवार को सुबह 8:30 बजे जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने आयोजित होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप करेंगे। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, नगर पालिका निगम सभापति खेमेंसिंह देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहभागी बनेंगे।

महापौर संजय पांडे ने स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा

इस आयोजन को भव्य रूप से संपन्न बनाने बुधवार को महापौर संजय पांडे ने इंद्रावती से गोरिया बहार तक स्थल निरीक्षण किया और तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया । इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
ज्ञात रहे कि गुरुवार को होने वाले पौधारोपण की तैयारियों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंद्रावती से गोरिया बहार तक स्थित डिवाइडर को रंग रोगन कर उसे आकर्षक रूप दिया गया है ।
इसी स्थान ओर वन विभाग , राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर पालिक निगम जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में 2700 से अधिक पौधों का रोपण किया जायेगा ।

हरित और सुंदर जगदलपुर की दिशा में बड़ा कदम – महापौर संजय पाण्डेय

इस पौधारोपण के परिपेक्ष्य में महापौर संजय पांडे ने कहा कि “जगदलपुर का विकास केवल सड़कों, नालियों और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि एक सुंदर, स्वच्छ और हरित शहर का निर्माण भी हमारे समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के माध्यम से हम जगदलपुर की हरित पहचान को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। हमारा प्रयास है कि जगदलपुर में बेहतर सड़कें, व्यवस्थित यातायात, स्वच्छ वातावरण, विकसित नागरिक सुविधाएं और पर्याप्त हरियाली,इन सभी का संतुलित विकास हो।
नगर निगम जगदलपुर शहर के समग्र एवं दीर्घकालीन विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम चाहते हैं कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाले वर्षों में जगदलपुर की पहचान बने। शहरवासियों की सहभागिता से ही ‘विकसित और हरित जगदलपुर’ का संकल्प साकार होगा। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि पौधरोपण को केवल एक कार्यक्रम न मानकर उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।”
वन विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह अभियान जगदलपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में नगर निगम की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *