जगदलपुर। बस्तर अंचल में बुधवार सुबह से हो रही लगातार झमाझम बारिश ने विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से जलप्रपात पूरे वेग के साथ बह रहा है, जिससे इसका मनमोहक दृश्य पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
मानसून की लगातार बारिश के बाद चित्रकोट जलप्रपात अपने पूरे शबाब पर नजर आ रहा है। प्रपात से गिरती विशाल जलराशि, चारों ओर फैली हरियाली, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने यहां के प्राकृतिक वातावरण को और भी रमणीय बना दिया है। जलप्रपात की गर्जना और उसके आसपास का मनोरम दृश्य पर्यटकों को रोमांचित कर रहा है।
बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में पर्यटक चित्रकोट पहुंच रहे हैं और इस अद्भुत प्राकृतिक नजारे को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि मानसून के दौरान हर वर्ष चित्रकोट जलप्रपात का आकर्षण बढ़ जाता है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में चित्रकोट जलप्रपात का जलप्रवाह और अधिक बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें।