बीजापुर| माओवाद प्रभावित उसूर ब्लॉक के पुजारी कांकेर, गलगम और मारूडबाका गांवों के बच्चों के लिए आयोजित विशेष एक्सपोजर विजिट के दौरान बच्चों ने स्कूल भवन की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर विश्वदीप ने जल्द स्कूल निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों से परिचित कराना तथा उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना था।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने ज्ञानगुड़ी एजुकेशन सिटी पहुंचकर जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, एकलव्य विद्यालय और ‘छू लो आसमान’ संस्थान का अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों ने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और भविष्य निर्माण के संबंध में जानकारी दी। बच्चों ने सेंट्रल लाइब्रेरी का भी भ्रमण किया और अध्ययन संसाधनों को देखा।
इसके बाद बच्चों को कलेक्टर कार्यालय, जिला पंचायत और जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां उन्हें जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड निर्माण, पंचायती राज व्यवस्था तथा अस्पताल की ओपीडी, ब्लड बैंक और एक्स-रे कक्ष की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।
कलेक्टर विश्वदीप ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और गर्मी को देखते हुए उनके लिए कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था कराई। बातचीत के दौरान बच्चों ने बताया कि उनके गांव में अब भी झोपड़ी में स्कूल संचालित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि स्कूल भवन का निर्माण जल्द कराया जाएगा।
बच्चों ने स्कूल ड्रेस, टाई, जूते और मोजे की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
संवाद के दौरान जब कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि क्या उन्होंने कभी फिल्म देखी है, तो बच्चों ने नकारात्मक जवाब दिया। इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों के लिए प्रेरणादायी फिल्म का विशेष प्रदर्शन कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी लखनलाल धनेलिया, एपीसी जाकिर खान, संकुल समन्वयक और शिक्षादूत मौजूद थे।