ग्रामीणों में फसल खराब होने का डर
नगरनार, 05 अक्टूबर । बाढ़ के बाद नगरनार क्षेत्र में प्लांट से निकल रहे काले पानी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पानी खेतों में पहुंचने से फसलों को नुकसान हो रहा है। कई ग्रामीणों ने फसल खराब होने के साथ जलीय जीवों के मरने की भी बात कही है।
ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ का पानी उतरने के बाद खेतों में जमा पानी का रंग काला दिखाई दे रहा है। इससे धान सहित अन्य फसलों पर असर पड़ने की आशंका है। किसानों का कहना है कि पहले भी प्लांट से निकलने वाले पानी को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। इस बार बाढ़ के बाद समस्या और गंभीर हो गई है।
हालांकि, विशेषज्ञों ने केवल पानी का रंग देखकर इसे रासायनिक रूप से प्रदूषित मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि पानी में मौजूद विभिन्न तत्वों के कारण भी उसका रंग बदल सकता है। पानी में वास्तव में कोई हानिकारक रसायन या भारी धातु है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच की आवश्यकता बताई गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पानी और मिट्टी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि फसल और जलीय जीवों को नुकसान किस कारण से हुआ।
ग्रामीणों ने जल्द जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसानों की फसल और उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके।