भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव की गाड़ी एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब वे मध्य प्रदेश के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।
अचानक कट मारने से हुई टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान सामने से आ रही एक गाड़ी ने अचानक कट मार दिया। गाड़ी को बचाने के चक्कर में किरण देव के चालक ने भी वाहन को मोड़ा, जिससे बेकाबू हुई गाड़ी सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा इंजन तक क्षतिग्रस्त हो गया।
काफिले की बाकी गाड़ियां सुरक्षित
राहत की बात यह है कि किरण देव के काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। कार में मौजूद पीएसओ, पीए और ड्राइवर को हल्की-फुल्का खरोच व मामूली चोटें आई हैं।
झांसी मेडिकल कॉलेज किया जा रहा रेफर
हादसे के वक्त कार की रफ्तार 70 से 80 किमी/घंटा बताई जा रही है। अचानक लगे जोरदार झटके के कारण विधायक किरण देव की कमर में चोट आई है और उन्हें चलने-फिरने में तकलीफ हो रही है। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।