दिव्यांगों के लिए बनाई ‘पन्ना पलटने की मशीन’
जगदलपुर, 11 अक्टूबर 2026/ बस्तर की होनहार छात्रा एलिसीबा पोयाम ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार के दम पर राष्ट्रीय पटल पर जिले और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित ‘इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना’ में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शनिवार को उन्हें विशेष रूप से सम्मानित कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी अजय शर्मा ने भी छात्रा को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
ग्राम पथरेली उड़वा निवासी और एक साधारण कृषक भीमा पोयाम की सुपुत्री एलिसीबा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माउलीभाटा में अध्ययनरत हैं। उन्होंने अपनी सामाजिक और वैज्ञानिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ऐसे दिव्यांग व्यक्तियों की सहायता के लिए ‘पन्ना पलटने की मशीन’ तैयार की है, जिनके हाथ नहीं हैं, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
इस उपलब्धि पर शिक्षा मंत्री ने छात्रा के शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी क्षेत्र विशेष की मोहताज नहीं होती। बस्तर जैसे सुदूर वनांचल से निकलकर किसी छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का लोहा मनवाना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग देने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एलिसीबा की इस गौरवपूर्ण सफलता से बस्तर अंचल सहित पूरे प्रदेश के शैक्षणिक जगत में हर्ष और उत्साह का माहौल है।