कोंडागांव, 10 मार्च 7वें राष्ट्रीय मास्टर गेम्स 2025 में कोंडागांव के तीरंदाजी कोच एवं आइटीबीपी हवलदार जीडी त्रिलोचन मोहंत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। 6 से 9 मार्च 2025 तक राउरकेला उड़ीसा में आयोजित इस प्रतियोगिता में 40+ 45 से कम आयु वर्ग में रिकर्व राउंड पुरुष श्रेणी में भाग लेते हुए, आईटीबीपी, 41 BN के कोच त्रिलोचन मोहंत ने 70+70 मीटर की दूरी पर ओवरऑल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में असम, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, बिहार, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों के मास्टर्स ने भाग लिया। त्रिलोचन मोहंत की जीत न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह कोंडागांव और छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का क्षण है। त्रिलोचन मोहंत ने अपनी जीत का श्रेय अपने निरंतर अभ्यास और समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि यह पदक उनके लिए बहुत मायने रखता है और यह उन्हें भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। कोंडागांव के लोगों ने त्रिलोचन मोहंत की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।