जगदलपुर, 22 नवम्बर. शहर के पनारापारा बस्ती में एकतरफा प्रेम का खौफनाक मामला सामने आया है। एक नाबालिग युवक ने प्रेमिका के पिता मन्नू कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना बीती रात की है।
बताया जा रहा है कि नाबालिग युवक मृतक की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। इसी बात को लेकर युवक और मृतक के बीच कुछ कहासुनी हुई थी, जिससे नाराज होकर नाबालिग ने बीती रात मन्नू कश्यप पर चाकू से लगातार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मन्नू कश्यप को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर आज सुबह से ही पुलिस बल तैनात किया गया है।