जगदलपुर। बाढ़ की त्रासदी के दौरान प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आए विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी संस्थाओं, जनसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों को जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रशासनिक महामंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनवर खान ने साधुवाद दिया है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में शहर की जनता ने एकता, अखंडता और भाईचारे की मिसाल पेश की।
अनवर खान ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने में सरकार और प्रशासन पूरी तरह असफल रहे। उन्होंने कहा कि यदि सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने आगे बढ़कर राहत कार्यों में सहयोग नहीं किया होता तो प्रभावित परिवारों के सामने भोजन और जरूरी सामान का गंभीर संकट खड़ा हो सकता था। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि जनसहयोग नहीं मिलता तो हालात श्रीलंका जैसे निर्मित हो सकते थे।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्राकृतिक आपदा है, लेकिन ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए शासन-प्रशासन की तैयारी पहले से मजबूत होनी चाहिए। उनके अनुसार तूफान अर्नब और ओडिशा से इंद्रावती नदी में छोड़े गए पानी के कारण आई बाढ़ ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की पोल खोल दी। राहत शिविरों में भी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने का आरोप उन्होंने लगाया।
अनवर खान ने मुख्यमंत्री के बस्तर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को ठोस राहत पैकेज की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने मांग की कि बाढ़ प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कर शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि का जल्द वितरण किया जाए। प्रभावित परिवारों को आवास योजना का लाभ, किसानों को कृषि सुविधाएं और आवश्यकतानुसार ऋण राहत देने की भी मांग की।