जगदलपुर। लगातार बारिश और जलभराव के बीच जगदलपुर के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चारों तरफ पानी होने के बावजूद प्रभावित परिवारों के सामने सबसे बड़ी समस्या साफ पेयजल और भोजन की बनी हुई है। ऐसे हालात में राहत टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई।
टीम की ओर से हजारों लोगों को बोतलबंद पेयजल के साथ दूध, बिस्किट, मिक्सचर और चाय वितरित की गई। जलभराव से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री बांटने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि बारिश और बाढ़ के कारण घरों में फंसे लोगों को कम से कम भोजन और पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
राहत अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि संकट की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत है। बाढ़ के कारण जहां लोगों के घरों में पानी भर गया है, वहीं कई स्थानों पर सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों को भोजन और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सबसे जरूरी है।
चारों तरफ पानी है, लेकिन पीने का पानी नहीं। इसी विडंबना के बीच राहत टीम द्वारा लोगों की प्यास बुझाने और भूख मिटाने का प्रयास किया गया। टीम ने कहा कि मुश्किल वक्त में किसी के काम आना ही सबसे बड़ी सेवा है।