भारी बारिश से बस्तर में जनजीवन अस्त-व्यस्त, इंद्रावती खतरे के निशान से ऊपर


कई मार्ग बंद, निचली बस्तियों में घुसा पानी; जगदलपुर से हैदराबाद की हवाई सेवा और विशाखापटनम की रेल सेवा प्रभावित

जगदलपुर। बस्तर संभाग में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इंद्रावती, शबरी और गोदावरी नदियां उफान पर हैं। कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर पानी आने से आवागमन बाधित हो गया है। भारी बारिश के चलते जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली हवाई सेवा प्रभावित रही, वहीं विशाखापटनम जाने वाली रेल सेवा भी बाधित हुई है।

बस्तर जिले में इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और नदी में करीब 9 मीटर तक पानी भरने की जानकारी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नगनार क्षेत्र का बोरनागांव टापू में तब्दील हो गया है। यहां फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। जगदलपुर-गीदम मार्ग भी बंद है। सड़क बंद होने के कारण डिमरापाल मेडिकल कॉलेज और विशेषज्ञ अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण जिले के कुछ गांवों में कच्चे मकानों के गिरने की भी जानकारी सामने आई है। प्रशासन द्वारा इसकी जांच कराई जा रही है। जगदलपुर शहर के कई निचले इलाकों और रिसॉर्ट में पानी घुस गया है। जगदलपुर-विशाखापटनम मार्ग भी प्रभावित हुआ है। निचली बस्तियों में पानी बढ़ने के बाद प्रशासन लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है।

सुकमा में कई मार्ग बंद

सुकमा जिले में लगातार बारिश के कारण विभिन्न मार्गों और पुल-पुलियों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कुकानार-तोंगपाल क्षेत्र में ट्रक पलटने से मार्ग अवरुद्ध है। मल्कानगिरी मार्ग पर छापरा पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बंद है। सुकमा-दोरनापाल मार्ग, दुब्बाटोटा पुलिया और सुकमा-कोंटा मार्ग भी बाधित हैं। कोंटा क्षेत्र में इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से बंद और जलभराव वाले मार्गों पर वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है।

नारायणपुर-कोंडागांव मार्ग भी प्रभावित

लगातार बारिश के कारण नारायणपुर-कोंडागांव-ओरछा मार्ग भी बंद हो गया है। मार्ग में जगह-जगह पुल-पुलियों पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *