कलेक्टर आकाश छिकारा ने ली समय-सीमा बैठक

जगदलपुर, 22 सितम्बर . कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में समय-सीमा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा सेतु अभियान के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों की तर्ज पर आयोजन कर कम से कम एक सप्ताह पूर्व ही आवेदनों का संकलन सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि शिविर दिवस पर अधिक से अधिक प्रकरणों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण समाधान हो सके। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व दस्तावेज और जाति-निवास प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण 26 जनहितकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शिविर स्थल पर ही लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।
राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए खरीफ गिरदावरी का कार्य तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में गिरदावरी रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से वाचन किया जाए, जिससे आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को सहूलियत हो सके। नक्शा बटांकन, खसरा अद्यतनीकरण और नामांतरण के लंबित मामलों के निराकरण में अद्यतन प्रगति लाई जाए। उन्होंने प्रकरणों को लंबित रखने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय के हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा गतिविधियों के फोटोग्राफ्स पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सांसद-विधायक निधि के कार्यों की तकनीकी स्वीकृति, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष व बालिका शौचालयों का निर्माण, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत योजना के संतृप्तीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, नियमित फील्ड विजिट करने और सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी के साथ संचालित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार समीक्षा के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। इसी प्रकार राजस्व विभाग में नक्शा बटांकन के लंबित मामलों पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पिछले दो महीनों में जिन तहसीलदारों ने खसरा तो बना दिया किंतु नक्शा अद्यतन नहीं किया है, उन सभी के प्रकरण निकालकर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं।

बस्तर मुन्ने के तहत कमजोर प्रदर्शन पर जनपद पंचायत तोकापाल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, संस्थागत प्रसव तथा ब्लॉक स्तर पर आयुष्मान कार्ड सैचुरेशन में प्रगति नहीं लाने वाले ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स के विरूद्ध भी कार्यवाही करने हेतु शो-काॅज नोटिस जारी किए जाने के निर्देशित किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं, दवाओं के स्टॉक मिलान में गड़बड़ी और ओपीडी रिकॉर्ड दुरुस्त न होने पर बीएमओ दरभा को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने संसदीय क्षेत्र विकास निधि तथा विधानसभा क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की तकनीकी स्वीकृति भेजने तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे गिरदावरी कार्य हेतु संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा।

इस बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नायक तथा सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही मैदानी स्तर पर प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *