21 टीमों ने लिया हिस्सा, खेल के साथ दिया नशामुक्ति का संदेश
जगदलपुर। रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर एवं डांड चौक गणेश समिति के संयुक्त तत्वावधान में 19, 20 एवं 22 सितंबर 2026 को संग्राम कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 21 टीमों ने भाग लिया। बड़े मारेंगा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दोदरेपाल की टीम उपविजेता रही।
Bरोटरी के 11 दिन, 11 पुण्यकार्य—सेवा ही प्रसाद है” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना तथा मादक पदार्थों और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। आयोजन के माध्यम से रोटरी के सामाजिक सेवा कार्यों को आमजन तक पहुँचाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमआईसी सदस्य रोटेरियन संग्राम सिंह राणा रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों की ट्रॉफियाँ प्रायोजित कर प्रतियोगिता में सहयोग दिया।
रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर एवं डांड चौक गणेश समिति ने राणा के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी टीमों एवं आयोजन को सफल बनाने वाले सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए खेलों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।