बेदरे में माओवादी डंप से एसएलआर, इंसास समेत हथियार-गोला बारूद बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादी विरोधी अभियान के तहत थाना बेदरे क्षेत्र के लंका पहाड़ी के जंगल से जमीन में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया है।

सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग एवं डिमाइनिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लंका पहाड़ी के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। डंप से एक एसएलआर/एलएमजी रायफल, एक इंसास रायफल, एक .315 बोर बंदूक, दो बीजीएल लॉन्चर, 17 बीजीएल सेल और एक चाइना हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।

इसके अलावा सुरक्षा बलों ने एसएलआर के 49 राउंड, .315 बोर के 15 राउंड, बीजीएल के 15 कारतूस, एसएलआर की चार मैगजीन तथा .315 बोर की एक मैगजीन भी बरामद की है। मौके से अन्य सामग्री एवं उपकरण भी मिले हैं। बरामद हथियार एवं सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और डंप से जुड़े लोगों की पतासाजी की जा रही है।

सितंबर में लगातार मिल रहे माओवादी डंप

जिले में सितंबर के दौरान सुरक्षा बलों की अलग-अलग कार्रवाई में माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री के डंप बरामद किए गए हैं।

20 सितंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से एके-47, .315 बोर बंदूक, सिंगल शॉट पिस्टल सहित जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए थे।

16 सितंबर को थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 49 जिंदा राउंड बरामद किए गए। इसके साथ ही आठ किलोग्राम जिलेटिन, वॉकी-टॉकी तथा अन्य टूल्स एवं उपकरण भी मिले थे।

10 सितंबर को थाना मिरतुर क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल में अलग-अलग स्थानों से नॉन इलेक्ट्रिकल वायर के सात बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए थे।

एक सितंबर को थाना भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल में माओवादी डंप से एक 12 बोर देशी कट्टा, एक बीजीएल लॉन्चर, आठ बीजीएल सेल, 12 बोर के 10 जिंदा राउंड तथा अन्य सामग्री बरामद की गई थी।

सुरक्षा बलों द्वारा जिले के जंगल क्षेत्रों में सर्चिंग, डिमाइनिंग और माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *