सवा लाख दीयों से जगमगाएगा जगदलपुर, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी होंगे शामिल

जगदलपुर, 16 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक व प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होने जा रही है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत जगदलपुर नगर के हृदय स्थल माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर एवं सिरहासार चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहाँ एक साथ सवा लाख दीये प्रज्वलित कर पूरे परिसर को अलौकिक रोशनी से सराबोर किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे।
इस विशाल आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा तैयारियों के लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच सज्जा, दीप प्रज्वलन की श्रृंखला तथा जनसहभागिता के सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

पूरे एक माह चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनसेवा पहुँचाना है, जिसके तहत बस्तर भर में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, सामाजिक सरोकार के कार्य और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस बार बस्तर संभाग के नक्सलमुक्त होने पर इस अभियान को संभाग में बस्तर सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है।

इस बार जगदलपुर में माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर एवं सिरहासार चौक पर सवा लाख दीपों का यह प्रज्वलन न केवल प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता प्रकट करेगा, बल्कि बस्तर में शांति, विकास और जनसहभागिता के एक नए युग का उल्लास भी बिखेरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *