बीमा क्लेम दिलाने के नाम पर कथित कमीशन मांगने का आरोप, नारायणपुर के निरीक्षक गिरफ्तार

नारायणपुर, 18 जुलाई । पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाले बीमा क्लेम का लाभ दिलाने के नाम पर कथित रूप से कमीशन मांगने के आरोप में नारायणपुर पुलिस ने रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत मिलने वाले बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी कराने और उसका लाभ दिलाने के एवज में उससे कमीशन की मांग की गई। शिकायत में दो लोगों पर नियमों के विपरीत राशि मांगने का आरोप लगाया गया था।

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक सुरेश चंद यादव और एक अधिवक्ता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने निरीक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *