जगदलपुर । महिला पतंजलि योग समिति, जिला बस्तर के तत्वावधान में रमा रेसीडेंसी, तेतरकुटी में नियमित योग कक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति, छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी सदस्य माननीय कोरम जी का कक्षा में प्रवास हुआ। उन्होंने योग साधिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योग कक्षा का संचालन योग शिक्षिका श्रीमती शकुन साहू के नेतृत्व में सहयोगी शिक्षिकाएँ श्रीमती बबीता गुप्ता एवं श्रीमती ऋतु जैन द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। उनके संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र की महिलाएँ प्रतिदिन योगाभ्यास कर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी साधिकाओं ने सामूहिक रूप से योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा जन-जन तक योग के लाभ पहुँचाने का संकल्प लिया। उपस्थित साधिकाओं ने “योग करें, स्वस्थ रहें” तथा “करें योग – रहें निरोग” का संदेश देते हुए नियमित योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
योग कक्षा का समापन सकारात्मक, प्रेरणादायी एवं योगमय वातावरण में हुआ। समिति ने सभी नागरिकों से स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग अपनाने की अपील की।