जगदलपुर:- बस्तर जिला सहकारी संघ मर्या. के नवनियुक्त अध्यक्ष वेदांत दीक्षित ने आज प्रातः मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना एवं दर्शन के पश्चात मंदिर स्थित कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के दौरान समर्थकों ने वेदांत दीक्षित का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें पुनः इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि वेदांत दीक्षित इससे पूर्व भी बस्तर जिला सहकारी संघ मर्या. के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। उनके अनुभव एवं कार्यों को देखते हुए उन्हें पुनः इस दायित्व के लिए नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर वेदांत दीक्षित ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सहकारिता के क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा किसानों एवं समितियों के हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।