जगदलपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता शरद अवस्थी ने सोमवार को नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित भव्य समारोह में इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव विशेष रूप से मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में शरद अवस्थी ने कहा कि जगदलपुर और बस्तर की जनता से उन्हें हमेशा स्नेह और समर्थन मिला है, जिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी के तटवर्ती गांवों तक कृषि के लिए पर्याप्त जल पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
शरद अवस्थी ने बताया कि इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के माध्यम से लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिन्हें जनभागीदारी के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शरद अवस्थी भाजपा के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ता हैं। उनके नेतृत्व में इंद्रावती नदी के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर बस्तर में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इंद्रावती नदी का बड़ी मात्रा में जल गोदावरी नदी में प्रवाहित हो जाता है, जिसे संरक्षित कर क्षेत्र की समृद्धि और किसानों के हित में उपयोग करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने शरद अवस्थी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्राधिकरण विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभागार भाजपा समर्थकों के नारों से गूंजता रहा।
