
जगदलपुर/शिमला। बस्तर की बेटियों ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आयोजित 71वीं अखिल भारतीय नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ और बस्तर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
पांच दिवसीय राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों के बीच बस्तर की बेटियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और मनमोहक लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों एवं निर्णायकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति ने बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं लोकप्रिय धारावाहिक भाभी जी घर पर हैं में ‘तिवारी जी’ की भूमिका निभाने वाले रोहिताश गौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उनकी धर्मपत्नी रेखा गौड़ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। दोनों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस उपलब्धि में बस्तर की युवा कलाकारों के साथ आदिवासी समाज की बालिकाओं तथा श्रीमती सुनैना कोराम और योगेश कोराम दंपति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी प्रतिभागियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर बस्तर की संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई।
बस्तर की इस गौरवपूर्ण सफलता पर क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सभी कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को देश और विदेश में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।