12,379 संग्राहकों को ऑनलाइन भुगतान, शेष समितियों में डेटा प्रविष्टि का कार्य जारी
बीजापुर । तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 में 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 45 लॉटों में 40,716 संग्राहकों द्वारा कुल 65,430.359 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया गया है। प्रति मानक बोरा 5,500 रुपये की दर से कुल 35.99 करोड़ रुपये के संग्रहण पारिश्रमिक का भुगतान किया जाना है।
वर्तमान में 12,379 संग्राहकों के भुगतान के लिए 12 करोड़ रुपये की राशि ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में दर्ज कर उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। भुगतान प्राप्त करने वालों में समिति गुड़मा के 1,912 संग्राहकों को 1.95 करोड़ रुपये, कुटरू के 937 संग्राहकों को 1.29 करोड़ रुपये, तोयनार के 961 संग्राहकों को 1.20 करोड़ रुपये तथा बरदेला के 1,023 संग्राहकों को 1.11 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल है।
इसके अलावा संतोषपुर, भैरमगढ़, माटवाड़ा, कोडोली और नैमेड़ सहित अन्य समितियों के संग्राहकों को भी लाखों रुपये की राशि उनके बैंक खातों में सीधे भेजी गई है। शेष समितियों में संग्राहकों द्वारा संकलित तेन्दूपत्ता की मात्रा का ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि कार्य जारी है।
प्रशासन ने बताया कि सभी संग्राहकों को ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से शीघ्र भुगतान किया जाएगा। तेन्दूपत्ता विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग संग्राहक खेती-किसानी, घरेलू जरूरतों और अन्य आवश्यक कार्यों में करते हैं। मानसून से पहले भुगतान मिलने से उन्हें कृषि कार्यों की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।