बीजापुर। शहर में दुष्कर्म के एक सनसनीखेज मामले में कोतवाली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सतीश माड़वी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक महिला को वोटर आईडी कार्ड देने के बहाने अटल आवास स्थित अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्णा ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता सखी सेंटर पहुंची, जहां उसने अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और सखी सेंटर की मदद से कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 64(2)(एफ) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने वोटर आईडी कार्ड देने के नाम पर उसे अपने घर बुलाया। वहां उसके साथ जबरदस्ती की गई और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस: धारा 64(1) बीएनएस: दुष्कर्म धारा 64(2)(एफ) बीएनएस: विशेष परिस्थिति में दुष्कर्म धारा 351(2) बीएनएस: जान से मारने की धमकी. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।