भेज्जी क्षेत्र में नक्सली डम्प से 23 हथियार, 492 जिंदा राउंड और 240 जिलेटिन स्टिक बरामद

सुकमा, 24 अगस्त। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त इंटेलिजेंस के आधार पर थाना भेज्जी क्षेत्र के ग्राम भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने 24 अगस्त की सुबह भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग के दौरान डम्प बरामद किया। डम्प से कुल 23 हथियार मिले हैं, जिनमें एक एसएलआर रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक .410 मस्केट, छह बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल शॉट रायफल, एक .315 बोर देशी कट्टा, पांच 12 बोर रायफल और सात भरमार बंदूक शामिल हैं।

492 जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में बीजीएल सेल बरामद

बरामद डम्प से एके-47 के 45, एसएलआर के 196, इंसास के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 और 12 बोर रायफल के 45 जिंदा राउंड बरामद हुए हैं। इस तरह विभिन्न हथियारों के कुल 492 जिंदा राउंड बरामद किए गए।

इसके अलावा आठ बड़े, 23 मध्यम और 58 छोटे बीजीएल सेल, आठ बीजीएल मुंडी, 66 बीजीएल कारतूस तथा पांच देशी हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए हैं।

240 जिलेटिन स्टिक और 18 किलो गन पाउडर

सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को 240 नग जिलेटिन स्टिक और करीब 18 किलोग्राम गन पाउडर भी मिला। इसके अलावा छह एक्सीलेटर प्लग, 40 टाइगर बम पटाखे, हथियारों के खाली खोखे, मैगजीन पाउच और बीजीएल पाउच भी बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि डम्प से नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री भी मिली है, जिसमें सात जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, 32 काले और 22 हरे कमर बेल्ट, 11 व्हिसिल गार्ड, सात मंकी कैप, दो वेल्डर शील्ड, दो सोलर प्लेट, सात पिट्ठू बैग, पांच नीले ड्रम, रिबन, कपड़ा चैन तथा दवाइयां एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।

नक्सल उन्मूलन अभियान जारी

सुकमा पुलिस के अनुसार, जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जंगलों एवं दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री के डम्प की तलाश के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर की गई। बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। सुकमा पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार एवं अन्य नक्सली सामग्री के डम्प की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *