सांसद श्री महेश कश्यप की मौजूदगी में जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही

जगदलपुर, 04 अक्टूबर 2026/ शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित व पारदर्शी निराकरण के लिए चलाए जा रहे ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड जगदलपुर के ग्राम पंचायत माड़पाल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में प्रशासन की तत्परता देखने को मिली, जहाँ सेवा सेतु अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से प्राप्त सभी 310 आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निराकरण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुंचाई गई। इस दौरान नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कलाकारों ने प्रेरक संदेश दिया।
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि सेवा सेतु अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे, यही सरकार का ध्येय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब स्वयं ग्रामीणों के द्वार पर पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहा है, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है। सांसद ने क्षेत्रवासियों से आगे आकर इस अभियान और विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 10 बी एवं किसान किताब, कृषि विभाग की ओर से प्रधानमंत्री फसल बीमा प्रमाण पत्र तथा स्वास्थ्य विभाग के तहत 4 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हुए 2 आवासों की चाबियां हितग्राहियों को ससम्मान सौंपी गईं।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पदलाम नाग, जनपद सदस्य श्रीमती सरकी मीना राव सहित क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत जगदलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बीरेंद्र बहादुर एवं नायब तहसीलदार श्री लखीराम पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।