बीजापुर , 28 मई । जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, बीजापुर द्वारा इस वर्ष तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य को सफल एवं पारदर्शी बनाने हेतु व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए 65,422.880 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहित किया गया।
संग्रहण कार्य के पूर्व फड़ों का चयन, फड़मुंशियों का प्रशिक्षण, संग्रहण दरों का प्रचार-प्रसार, दीवार लेखन एवं मुनादी जैसे कार्य कराए गए। इसके साथ ही वन विभाग एवं अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी फड़ अभिरक्षक एवं जोनल अधिकारी के रूप में नियुक्त कर दैनिक मॉनिटरिंग की गई, जिससे गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकी।
जिला यूनियन के अनुसार, तेन्दूपत्ता संग्रहण, उपचारण, परिवहन एवं भंडारण का कार्य सीमित संसाधनों में चुनौतीपूर्ण होता है, फिर भी सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था की गई है। इसी बीच दिनांक 25 मई 2026 को ईटपाल गोदाम में हुई अग्नि दुर्घटना को अप्रत्याशित बताते हुए उसके कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
जिला वनोपज सहकारी यूनियन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का प्रभाव किसी भी तेन्दूपत्ता संग्राहक के भुगतान पर नहीं पड़ेगा। संग्राहकों को उनके संग्रहण पारिश्रमिक का ऑनलाइन भुगतान सीधे बैंक खातों में किया जा रहा है। जिन समितियों का तेन्दूपत्ता ईटपाल गोदाम में भंडारित था, उनके संग्राहकों की ऑनलाइन प्रविष्टि प्रक्रिया जारी है तथा प्रक्रिया पूर्ण होते ही भुगतान कर दिया जाएगा।
साथ ही, अग्नि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त तेन्दूपत्ता के बीमा दावा हेतु प्रकरण तैयार कर संबंधित स्तर पर प्रेषित किया जा रहा है। जिला यूनियन ने समस्त संग्राहकों एवं आम जनता से धैर्य बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।