वैश्विक बाजार में चमकेगा सुकमा का मिलेट और वनोपज: रैंप योजना के तहत निर्यात जागरूकता कार्यशाला आयोजित

 

सुकमा/ सुकमा जिले के स्थानीय लघु वनोपज और मिलेट (श्रीअन्न) उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। भारत सरकार की रैंप योजना के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, सुकमा में एक दिवसीय जिला स्तरीय “निर्यात प्रक्रियाओं एवं निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं” पर विशेष कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष सुकमा में किया गया। CSIDC, रायपुर के माध्यम से चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के स्थानीय उद्यमियों, उत्पाद निर्माताओं एवं संभावित निर्यातकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद कुमार ने स्थानीय उत्पादों में छिपी असीम संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने उद्यमियों को गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग और मूल्यवर्धन पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासकीय योजनाओं और उचित मार्गदर्शन के जरिए सुकमा के पारंपरिक उत्पाद वैश्विक बाजार में नई पहचान बना सकते हैं। वहीं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री कैलाश कश्यप ने उद्यमियों को विभागीय सहयोग का पूरा लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को सीमाओं से परे ले जाने का आह्वान किया।

कार्यशाला के तकनीकी सत्र में डेलॉइट के निर्यात विशेषज्ञ श्री अली सईद एवं श्री राहुल ने प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार की बारीकियों से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने निर्यात शुरू करने के लिए अनिवार्य IEC रजिस्ट्रेशन, HS कोड, गुणवत्ता मानक, कस्टम प्रक्रिया, कमर्शियल इनवॉइस और शिपिंग बिल जैसे आवश्यक दस्तावेजों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। साथ ही, विदेशी खरीदारों की मांग के अनुसार पैकेजिंग और लेबलिंग मानकों को अपनाने के व्यावहारिक तरीके भी साझा किए।

सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के सभी सवालों और शंकाओं का समाधान किया तथा केंद्र व राज्य सरकार की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज की टीम के कुशल समन्वय में संपन्न हुई इस कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने इसे अपने कारोबार के विस्तार के लिए बेहद उपयोगी और व्यावहारिक बताया। यह आयोजन सुकमा के सुदूर वनांचल से उपजे उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सुश्री मुन्नमुन जरी, श्री रोहित शर्मा, श्री अंकित मिश्रा एवं श्री चेतन चंद्राकर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *