रायपुर, 04 नवंबर । छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार शिशिर रॉय चौधरी को प्रतिष्ठित मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वरिष्ठ पत्रकार शिशिर रॉय चौधरी देश की अग्रणी न्यूज एजेंसी यूनएनआई एवं अंग्रेजी अख़बार द स्टेट्समैन के छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ़ है।

नवा रायपुर में मंगलवार को आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में चौधरी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय चौधरी को पत्रकारिता में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है। उनकी इस उपलब्धि को बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के पत्रकारिता जगत के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
चौधरी ने अपने पत्रकारिता जीवन में जनसरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से स्थान दिया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को राज्य स्तर पर मिली इस पहचान से पत्रकारिता जगत में प्रसन्नता का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर पत्रकारों, शुभचिंतकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।