बस्तर में टसर कीट पालन और धागाकरण को बढ़ावा, बांटे गए प्रोत्साहन चेक

 

टसर रेशम कीट पालन एवं रेशम धागाकरण प्रशिक्षण सह अलंकरण समारोह का आयोजन

जगदलपुर, 02 अक्टूबर . बस्तर में स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्रामोद्योग विभाग रेशम प्रभाग निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कालीपुर रोड धरमपुरा स्थित रेशम धागाकरण इकाई में ग्रामोद्योग विभाग एवं जिला प्रशासन बस्तर के संयुक्त तत्वावधान में टसर रेशम कीट पालन एवं रेशम धागाकरण प्रशिक्षण सह अलंकरण समारोह का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप सम्मिलित हुईं।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने टसर रेशम उत्पादन और कीट पालन से जुड़े विभिन्न स्व-सहायता समूहों तथा संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनके मैदानी अनुभवों और आजीविका गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही रेशम उत्पादन को प्रोत्साहित करने और हितग्राहियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने संबंधित समूहों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहन चेक प्रदान किए। चेक वितरण के उपरांत उन्होंने रेशम धागाकरण इकाई का सघन अवलोकन करते हुए कोकून से धागा तैयार करने की संपूर्ण तकनीकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया और महिला कामगारों के कौशल की सराहना की।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कश्यप ने कहा कि बस्तर की उर्वरा मिट्टी और वनांचल में रोजगार तथा आत्मनिर्भरता की अपार संभावनाएं समाहित हैं। उन्होंने कहा कि टसर रेशम से जुड़े ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों को आधुनिक प्रशिक्षण, आवश्यक तकनीकी संसाधन और वित्तीय प्रोत्साहन उपलब्ध कराकर स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ बनाना प्रशासन की सर्वाच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी, उप संचालक (रेशम) श्री रोशन चंद्राकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *