बीजापुर में माओवादी डंप से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद


बीजापुर।
 जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर पुलिस और सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। विगत सप्ताह अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए सर्चिंग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए BGL कलपुर्जे, ग्रेनेड, डेटोनेटर, वायर एवं अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है।

09 सितंबर 2026 को FOB ताड़पाल क्षेत्र में सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन ने ताड़पाल पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 105 नग BGL राउंड कंपोनेंट्स, एक BGL नोज़, दो लोहे के पाइप, एक एल्युमिनियम पतीला तथा लेथ मशीन का हैंडल बरामद किया गया।

इसी क्रम में 05 सितंबर को डीआरजी और थाना मिरतुर की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल के जंगलों में सर्चिंग के दौरान माओवादी डंप से दो ग्रेनेड और पांच तीर बम बरामद किए। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीडीएस टीम ने बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

वहीं 06 सितंबर को डीआरजी एवं थाना मिरतुर पुलिस की संयुक्त टीम ने डुमरीपलनर जंगल में अभियान चलाया। यहां से सात बंडल नॉन-इलेक्ट्रिक वायर और छह डेटोनेटर बरामद किए गए।

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री को बरामद कर संभावित खतरे को टालने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *