बीजापुर के जंगल में माओवादी डम्प से 4.29 करोड़ का सोना और 24 लाख नकद बरामद

बीजापुर, 28 नवम्बर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में माओवादी डम्प छिपाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।

इस दौरान थाना भैरमगढ़ से करीब 8-10 किलोमीटर दूर जंगल में जमीन के अंदर दबाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद हुआ। तलाशी में 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला (3.84 किलोग्राम) और अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा 500 रुपये के नोटों में 24,22,500 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, अब तक जिले में माओवादी डम्प से कुल 8.24 करोड़ रुपये से अधिक नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *