रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर की पहल “परियोजना सुरक्षित सफर” के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित

जगदलपुर, 17 अक्टूबर । रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर द्वारा “परियोजना सुरक्षित सफर” के अंतर्गत रोटरी क्लब भवन, दलपत सागर, जगदलपुर में विद्यालयों के वाहन चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर एवं उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जाँच एवं उनमें स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस अभियान के अंतर्गत 60 निजी एवं शासकीय विद्यालयों को जोड़ने तथा 100 से अधिक हितग्राहियों के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया। शिविर में नेत्र परीक्षण, रक्तचाप, ब्लड शुगर, रक्त संबंधी जाँच एवं ईसीजी जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। इसमें आनंदा डायग्नोस्टिक के निदेशक श्री वेदप्रकाश पांडे जी, डॉ. सरिता थॉमस एवं उनकी चिकित्सा टीम का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईपीएस श्री सुखनंदन राठौर जी एवं विशिष्ट अतिथि आईपीएस श्री सुमित धोत्रे जी उपस्थित रहे। साथ ही श्री हनीफ बरबटिया जी, अध्यक्ष, बस्तर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन तथा श्री नवीन भावसार जी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी (DGN), रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

इस जनहितकारी पहल में दिव्यांश फाउंडेशन के श्री सत्यनारायण सिंघल जी एवं श्री दिव्यांश सिंघल जी का विशेष योगदान रहा। नेत्र परीक्षण के उपरांत जिन वाहन चालकों को चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें चश्मे उपलब्ध कराने में फाउंडेशन सहयोग करेगा।

परियोजना का समन्वय रोटेरियन श्री अमित कुमार जैन एवं रोटेरियन श्री साहिल बरबटिया ने किया। रोटरी क्लब के सदस्यों, चिकित्सा दल तथा संस्कार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की पूरी टीम ने पंजीयन, अतिथि स्वागत, चिकित्सा शिविर एवं अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया।

रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, सहभागी विद्यालयों, चिकित्सा दल, स्वयंसेवकों एवं रोटरी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जनहितकारी गतिविधियाँ जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

“सुरक्षित सफर, स्वस्थ चालक और सुरक्षित बच्चे — यही इस परियोजना का मूल उद्देश्य है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *