जगदलपुर/ दंडकारण्य परियोजना के तहत बस्तर में बसे विस्थापित बंगाली परिवारों को आबंटित कृषि व आवासीय भूमि का मालिकाना हक मिलने की आस अब एक बार फिर मजबूत हो गई है। निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति एवं बंगाली समाज राष्ट्रीय संगठन बस्तर संभाग के प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात कर अपनी बहुप्रतीक्षित मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। विधायक देव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्याओं के जल्द और स्थायी निराकरण का भरोसा दिया है। विधायक के इस मजबूत आश्वासन के बाद समाज में यह उम्मीद जाग उठी है कि दशकों से लटका यह मामला अब जल्द ही जमीनी हकीकत बनेगा।
तीन पीढ़ियों का संघर्ष, अब समाधान की उम्मीद
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान वर्तमान बांग्लादेश से आए विस्थापित परिवारों को भारत सरकार द्वारा दंडकारण्य विकास प्राधिकरण (DDA) के माध्यम से पुनर्वासित किया गया था। बंगाली समाज की तीन पीढ़ियां पिछले लगभग 60 वर्षों से इन जमीनों पर काबिज होकर खेती-किसानी कर रही हैं। कड़े परिश्रम से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने वाले इन परिवारों को आज तक भूमि की वैधानिक रजिस्ट्री, डायवर्सन और भूमिस्वामी अधिकार नहीं मिल सके हैं, जिससे वे लगातार प्रशासनिक और कानूनी अड़चनों से जूझ रहे हैं।
संवैधानिक अधिकारों का दिया हवाला
संगठन ने संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 300A का संदर्भ देते हुए मांग रखी कि आबंटित भूमि की वर्तमान कानूनी स्थिति का परीक्षण कराया जाए। यदि कोई विधानिक बाधा न हो, तो पात्र परिवारों को तत्काल रजिस्ट्री कर भूमिस्वामी अधिकार दिए जाएं। प्रतिनिधियों ने यह भी सुझाव दिया कि यदि राज्य शासन स्तर पर निर्णय की आवश्यकता है, तो जिला प्रशासन तुरंत अपनी अनुशंसा भेजे और राजस्व व पंजीयन विभाग की संयुक्त बैठक बुलाकर स्थायी समाधान निकाले।
किरण सिंह देव के नेतृत्व पर जताया भरोसा
विधायक किरण सिंह देव ने संगठन द्वारा प्रस्तुत 1958 के DDA प्रस्तावों व योजना आयोग के मूल सरकारी अभिलेखों का अवलोकन करते हुए आश्वस्त किया कि वे इस मानवीय व न्यायसंगत विषय को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखेंगे। समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि प्रदेश संगठन के शीर्ष पद और स्थानीय विधायक के रूप में किरण सिंह देव का यह प्रयास बंगाली समाज को उनका वाजिब हक जरूर दिलाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे प्रमुख जन
इस दौरान संभागीय अध्यक्ष जीवानंद हालदार, महासचिव श्याम घोष, सह सचिव प्रदीप गुहा, मीडिया प्रभारी मृण्मय बारोई, अनिमेश पाल, गोपाल मालिक, राकेश हालदार, मोनी डे, दिलीप गुहा, तपन दत्ता, बिजन विश्वास, मिंटू सहित बंगाली समाज के दर्जनों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।