ग्रामीणों ने बाल विवाह और नशा मुक्ति का लिया संकल्प

सुकमा/ महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और गांव की बुनियादी जरूरतों से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
ग्रामवासियों ने अपने गांव को स्वच्छ एवं विकसित बनाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संकल्प लिया।
ग्राम सभाओं में विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान, आगामी पांच वर्षों की विकास कार्ययोजना तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को लेकर ग्रामीणों से संवाद किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बताया कि ग्राम सभा गांव की विकास प्राथमिकताओं, कार्ययोजना और भावी जरूरतों पर सामूहिक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से आपसी सहभागिता एवं सामूहिक सहमति के साथ स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास की प्राथमिकताएं तय करने पर जोर दिया।
जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने कहा कि ग्राम सभा के हर निर्णय से गांव के विकास की दिशा तय होती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी आवश्यकताओं और सुझावों के साथ ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों के लिए गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिसमें वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग की सहभागिता, स्थानीय संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्राम सभाओं में ग्रामीणों और किशोर-किशोरियों को बाल विवाह रोकथाम एवं नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। ग्रामीणों ने अपनी पंचायत को बाल विवाह एवं नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। साथ ही गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए गांव को स्वच्छ रखने तथा ठोस कचरे का उचित निपटान करने की शपथ और अपील की गई। इस तरह ग्राम सभाओं ने गांव के विकास की आगामी दिशा तय करने के साथ सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता और जनभागीदारी को मजबूत करने का संदेश दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।