कुचनूर के बंद पड़े कोरंडम खदान के आस- पास क्यों चल रही सफाई

बीजापुर°, 06 मई । बस्तर संभाग के जिला मुख्यालय बीजापुर में मंगलवार को विधायक विक्रम मंडावी ने एक प्रेस वार्ता ली। उन्होंने इस दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, यह सरकार बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों की खुलेआम लूट मचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, बस्तर के लोहा, टिन, जल, जंगल, जमीन और अब कोरंडम जैसे बेशकीमती संसाधनों को अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले करने का घिनौना खेल शुरू हो गया है। विक्रम मंडावी ने बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक के ग्राम कुचनूर में स्थित कोरंडम खदान को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने कहा कि, यह खदान वर्षों से बंद थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता संभालते ही इसे अपने चहेते उद्योगपतियों को सौंपने की साजिश रच डाली। हाल के दिनों में कुचनूर कोरंडम खदान में गुपचुप तरीके से जंगल की साफ-सफाई शुरू कर दी गई है, जो इस लूट का स्पष्ट प्रमाण है।
विधायक मंडावी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि, भोपालपटनम के कुचनूर कोरंडम खदान में भाजपा सरकार के इशारे पर बीजापुर के भाजपा नेता संजय लुंकड़ द्वारा बेशकीमती वनों का विनाश किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि, भाजपा तत्काल संजय लुंकड़ की भूमिका को स्पष्ट करे, वरना जनता इसे उनकी मिलीभगत मानेगी। विधायक विक्रम मंडावी ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार कायदे कानून को ताक पर रख कर भाजपा सरकार के संरक्षण में भाजपा नेताओं से कोरंडम खदान में अवैध उत्खनन का काम करवा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति हमेशा से जनविरोधी और उद्योगपति हितैषी रही है। बस्तर की प्राकृतिक संपदा को लूटने की इस साजिश को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। विक्रम मंडावी ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और भाजपा की इस लूट के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।करीम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *