भाजपा को मिली करारी हार

 इंदिरा वार्ड उपचुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत, रामकृष्ण तिवारी 436 मतों से विजयी

जगदलपुर, । नगर पालिका क्षेत्र के इंदिरा वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को करारी शिकस्त दी है। कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी (मुन्नू तिवारी) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 436 मतों के ऐतिहासिक अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।

मतगणना के अनुसार बूथ क्रमांक 37 में कांग्रेस प्रत्याशी को 483 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा को 157 मत मिले। आम आदमी पार्टी को 18 मत तथा 5 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।

भाजपा के दिग्गज नेताओं का प्रचार-प्रसार काम नहीं आया.

इसी प्रकार बूथ क्रमांक 38 में कांग्रेस को 331 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा के पक्ष में 221 मत पड़े। आम आदमी पार्टी को 4 मत तथा 4 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।

दोनों बूथों के परिणामों को मिलाकर कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने कुल 814 मत प्राप्त किए, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 378 मत मिले। इस प्रकार कांग्रेस ने 436 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर वार्ड में अपनी मजबूत पकड़ साबित की।

परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया तथा इसे वार्ड की जनता द्वारा विकास, विश्वास और जनसेवा की राजनीति पर मुहर बताया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह विजय जनता के अपार समर्थन और संगठन की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने वार्ड की जनता का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।

कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी (मुन्नू तिवारी) की इस ऐतिहासिक जीत पर समर्थकों, शुभचिंतकों एवं कांग्रेस परिवार ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *