लालबाग मैदान में 18 से 25 अक्टूबर तक लगेगा स्वदेशी मेला

जगदलपुर। बस्तर में स्वदेशी उत्पादों और स्वदेशी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष भी जगदलपुर के लालबाग मैदान में भव्य स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक आयोजित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पिछले वर्ष लालबाग मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में बड़ी संख्या में स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए थे। लोगों ने मेले में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी-बिक्री में रुचि दिखाई थी। गत वर्ष आयोजित मेले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी आगमन हुआ था।

इसी कड़ी में आगामी मेले की तैयारियों और आयोजन को लेकर बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं शहर के नागरिकों को आमंत्रित कर आयोजन को लेकर सुझाव और विचार लिए गए।

बैठक की शुरुआत स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख एवं प्रांत मेला प्रमुख सुब्रत चाकी ने प्रस्तावना प्रस्तुत कर की। उन्होंने मेले के उद्देश्य एवं आयोजन की रूपरेखा पर जानकारी दी। बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने सुझाव दिया कि राज्य सरकार से चर्चा कर मेले में बिक्री के लिए रखी जाने वाली स्वदेशी वस्तुओं एवं सामग्रियों को जीएसटी में छूट दिलाने की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।

जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने कहा कि स्वदेशी की भावना प्रत्येक भारतवासी में होनी चाहिए। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से देश आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत एवं समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम जगदलपुर की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

स्वदेशी जागरण मंच बस्तर संभाग के संयोजक डॉ. राम राकेश जांगिड़ ने कहा कि जगदलपुर-बस्तर में पिछले वर्ष स्वदेशी जागरण मंच द्वारा किए गए कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर एक मिसाल के रूप में देखा गया है। इसके लिए बस्तरवासियों और स्वदेशी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

बैठक में रायपुर से मेला टीम के जीआर जगत, स्वदेशी पत्रिका प्रांत प्रमुख, जयेश पांचाल, मेला प्रबंधन प्रतिनिधि तथा विवेक पांडे, जिला प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में मेला आयोजन समिति की घोषणा डॉ. राम राकेश जांगिड़ द्वारा की गई। मेला संयोजक किशोर पारीख, स्वागत समिति अध्यक्ष श्याम सोमानी, स्वागत समिति सचिव संजय पांडे, मेला महिला कार्यप्रमुख कल्पना शर्मा, जबकि मेला सह-संयोजक अनिल लुकड़ एवं लक्ष्मण झा को बनाया गया। कार्यक्रम का संचालन विधु शेखर झा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *